Thursday, October 22nd, 2026

युवक को घर में घुसकर किया किडनैप, बर्बरता से पीटा और पेशाब पीने पर किया मजबूर

जयपुर
राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक युवक को प्यार करने पर बेहद बर्बरता से पीटने और पेशाब पीने के लिए मजबूर करने का मामला सामने आया है। यही नहीं आरोपियों ने पीड़ित युवक के खिलाफ रेप का झूठा केस भी दर्ज करा दिया था। दरअसल सिंधरी इलाके में रहने वाले एक युवक के घर में 8 मार्च को अचानक कुछ लोग घुस आए और उसे पीटते हुए अपने साथ ले गए। उसे एक सूनसान जगह पर ले जाया गया और जमकर पीटने के बाद उसे पेशाब पिलाया गया। इसके बाद उसके खिलाफ 20 वर्षीय युवती के रेप का केस भी दर्ज कराया गया। पीड़ित युवक के पिता ने थाने अपनी ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा है, '8 मार्च को उनका बेटा रात 9 बजे के करीब मंदिर से घर लौटा था। इस दौरान उसके पीछे एक एसयूवी आई, जिसमें से 4 लोग उतरकर आए। उन लोगों ने उसे बुरी तरह से पीटा और फिर कार में अगवा करके ले गए।' बाड़मेर के एसपी आनंद शर्मा ने बताया, 'कार सवार 5 लोग उसे सूनसान स्थान पर ले गए। उसके हाथ और पैर बांध दिए। उसके बाद लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने पीड़ित युवक को पेशाब भी पीने के लिए मजबूर किया। इसके बाद उस युवक के पास से 5,000 रुपये, मोबाइल, एक सिल्वर चेन और कुछ अन्य कीमती सामान छीन लिया गया'

यही नहीं आरोपियों ने उसे धमकी दी तो वह उसकी जान भी ले सकते हैं। इसके बाद वह उसे कार में डालकर लाए और घर के बाहर छोड़ गए। लेकिन जब वह रोड पर ही पड़ा रहा तो फिर उसे इलाज के लिए सिंधरी अस्पताल ले गए। एसपी आनंद शर्मा ने कहा कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि पीड़ित युवक हमलावरों के परिवार की एक लड़की से रिलेशनशिप में था। इस रिलेशनशिप से नाराज लड़की के परिजनों ने उसे सबक सिखाने का फैसला लिया और इस घटना को अंजाम दिया।' एसपी ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सिंधरी पुलिस थाने की टीम ने 4 आरोपियों को 24 घंटे के भीतर पकड़ लिया है। जल्द ही अन्य आरोपी भी पकड़े जाएंगे। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ किडनैपिंग, हमला करने, लूटपाट के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। बाड़मेर के एसपी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ित युवक के खिलाफ उल्टे रेप का केस दर्ज कराया था।

 

#Kidnapped

Source : Agency

पाठको की राय